Sunday, April 5, 2015

नेपाल: प्रकृति का संसार अनोखा

हिमालय की गोद में बसा छोटा-सा देश नेपाल। पूरी दुनिया में खूबसूरती व प्राकृतिक सौंदर्य में अग्रणी स्थान रखता है। सैर-सपाटे के लिए सैलानियों की यह प्रमुख पसंद है। खूबसूरत फिजाएं, अनगिनत चमकती पर्वत श्रेणियां, हरे-भरे जंगल, नदियां, झीलें, झरने और सजी-धजी हरियाली बरबस ही पर्यटकों को अपनी ओर लुभा लेती है। यहां पर कुदरत हर शय पर मेहरबान है, जिससे यहां के हसीन नजारें हर किसी को मोह लेते हैं। नेपाल का नाम आते ही पर्यटकों के मन में अद्भुत दृश्य उभरने लगते हैं। प्रकृति के अनूठे सौंदर्य, उगते व अस्त होते सूरज की लालिमा, बर्फ से ढकी चोटियां, हरी-भरी वादियां, घने जंगल और जंगलों में स्वच्छंद रूप से विचरते जानवरों की दिनचर्या को बहुत पास से देखकर आंखों के रास्ते मन में भर लेने का सुख भला कौन नहीं लेना चाहेगा। इन सबके अलावा नेपाल के प्राचीन मंदिरों के दर्शन कर पर्यटकों के सिर श्रद्धाभाव से स्वयं ही झुक जाते हैं। नेपाल की राजधानी काठमांडू में खरीदारी का भी खूब लुत्फ उठाया जा सकता है। यहां के बाजार विदेशी सामानों से अटे पड़े हैं। काठमांडू में एक ओर शाम को रंगीन बनाने के लिए कैसीनो का बंदोबस्त है तो दूसरी ओर यहां जाम छलकाते हुए गीत, संगीत व नृत्य के साथ ताश के पत्तों का मजा भी लिया जा सकता है। प्रकृति की गोद में मौज-मस्ती का यहां पूरा लुत्फ ले सकते हैं।
प्राकृतिक सौंदर्य से ओत-प्रोत
कुदरती खूबसूरती का दीदार होने पर हर नजारा दिल को तरोताजा कर देता है। प्राकृतिक सौंदर्य से ओत-प्रोत नेपाल में मंदिरों, स्तूपों, पैगोडा और आस्था के कई अन्य स्थानों के अलावा ऐतिहासिक इमारतें भी हैं। नेपाल में ही दुनिया की सबसे ऊंची चोटी 8848 मीटर की माउंट एवरेस्ट है, जिसके साथ अद्भुत और रोमांचकारी बर्फ से ढकी पर्वत मालाएं हैं। दुनिया के दस सबसे ऊंचे पर्वतों में से आठ नेपाल में हैं। एवरेस्ट के अलावा कंचनजंगा, लोहोत्स, मकालू, चू-ओपू, धौलागिरि, मान्सलू और अन्नपूर्णा-इन सभी की ऊंचाई 8000 मीटर से ज्यादा है। बादल तो यों मचलते हैं, जैसे मस्ती के आलम में नृत्य कर रहे हों। जब ये पर्वत मालाओं से टकराते हैं, तो मानो मचलते हुए अठखेलियां कर रहे होते हैं और आसपास फैली हरियाली प्रकृति का ही तो करिश्मा है। मौसम इतना खुशगवार की तबियत बाग-बाग हो जाए।


नेपाल भौगोलिक दृष्टि से काफी समृद्ध है। इसके उत्तर में तिब्बत और चीन, पूर्व में सिक्किम, दक्षिण में भारत के उत्तर प्रदेश व बिहार और पश्चिम में हिमाचल व उत्तराखंड राज्यों की सीमाएं लगती हैं। वैसे तो नेपाल का हर स्थान मोहक, आकर्षक और मनभावन है, लेकिन फिर भी कुछ स्थानों के खास महत्व हैं, जो पर्यटकों को ज्यादा आकर्षित करते हैं या यों कहें कि यहां गए बिना नेपाल का पर्यटन अधूरा-सा रह जाता है।

No comments:

Post a Comment